जन भोजन की कहानियाँ: स्वाति ने तकनीक के प्रति अपना जुनून पहचाना

जन भोजन – उनके भविष्य के लिए तकनीक

जब स्वाति अपने भविष्य के बारे में बात करती है, तो वह बिना किसी झिझक के अपनी बात कहती है। महज़ 16 साल की उम्र में ही वह तकनीक के क्षेत्र में काम करने, वेबसाइटें विकसित करने और साइबर सुरक्षा को मज़बूत बनाने का सपना देखती है। वह यह भी चाहती है कि अपने कौशल के माध्यम से अपने देश की सेवा करे। उसकी यह आशाजनक और रोमांचक यात्रा जन भोजन कार्यक्रम से शुरू हुई। इस कार्यक्रम की स्थापना प्रेम रावत ने की थी और उनके मानवीय सेवा कार्यों के लिए समर्पित गैर-लाभकारी संगठन, द प्रेम रावत फ़ाउंडेशन (TPRF), द्वारा समर्थित है। भारत के बंटोली स्थित इस केंद्र में स्वाति को सीखने, आत्मविश्वास विकसित करने और नई संभावनाओं को तलाशने के अवसर मिले।

किसी भी किशोरी के लिए यह एक महत्त्वाकांक्षी लक्ष्य है।

विशेष रूप से भारत के एक वंचित आदिवासी गाँव की युवती के लिए यह लक्ष्य महत्त्वाकांक्षी है।

आज स्वाति कंप्यूटर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बारे में पूरे आत्मविश्वास के साथ बात करती है। वह उस भविष्य के बारे में भी बताती है, जिसका वह सपना देखती है। फिर भी कुछ साल पहले तक उसने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि तकनीक के क्षेत्र में करियर बनाना उसके लिए संभव हो सकता है।

 

स्वाति भारत के बंटोली स्थित कंप्यूटर कक्षा में एक कंप्यूटर के सामने बैठी है। उसके बगल में उसके प्रशिक्षक उमेश बैठे हैं।

सीखने और सपने देखने की एक जगह

पिछले सात वर्षों से स्वाति जन भोजन कार्यक्रम में भाग ले रही है। इस दौरान उसे प्रतिदिन पौष्टिक भोजन मिलता रहा है और साथ ही वह कंप्यूटर, अंग्रेज़ी तथा आत्मविश्वास बढ़ाने वाली कक्षाओं में भी भाग लेती रही है।

कंप्यूटर लैब में ही उसके भीतर एक अप्रत्याशित रुचि जाग उठी।

कंप्यूटर की बुनियादी जानकारी हासिल करने से शुरू हुआ यह सफ़र जल्द ही तकनीक के प्रति उसके जुनून में बदल गया। जैसे-जैसे उसका ज्ञान बढ़ता गया, वैसे-वैसे उसकी महत्वाकांक्षाएँ भी बढ़ती गईं।

आज उसे उम्मीद है कि एक दिन वह भारत के राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) में काम करेगी और वेब डेवलपमेंट, साइबर सुरक्षा तथा डेटा प्रबंधन में अपने कौशल का उपयोग करके अपने देश की सेवा करेगी।

“अगर मैंने कंप्यूटर की कक्षाओं में दाखिला नहीं लिया होता,” वह कहती है, “तो आज मेरे अंदर न तो इतना आत्मविश्वास होता और न ही तकनीक के बारे में इतना ज्ञान होता।”

स्वाति के लिए, कंप्यूटर सीखने से केवल एक नए विषय की जानकारी ही नहीं मिली, बल्कि उसे अपने भविष्य को लेकर एक नई दृष्टि भी मिली।

 

स्वाति घर में लाल और पीले रंग के कंबल पर बैठी है। हल्की नीली दीवारों वाले कम रोशनी के कमरे में वह अपनी गोद में रखी स्कूल की किताब पढ़ रही है।

सही अवसर बदलाव की शुरुआत है।

स्वाति की कहानी प्रेरणादायक है, लेकिन वह जानती है कि उसके जैसे समुदायों में कई लड़कियों को अपनी पढ़ाई जारी रखने में बड़ी-बड़ी बाधाओं का सामना करना पड़ता है।

वंचित आदिवासी गाँवों में पली-बढ़ी लड़कियों के लिए अवसर सीमित हो सकते हैं। आर्थिक तंगी, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक सीमित पहुँच और सामाजिक-सांस्कृतिक अपेक्षाओं के कारण लड़कियों के लिए पढ़ाई जारी रखना या विज्ञान और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में करियर बनाना अक्सर अधिक कठिन हो जाता है।

हालाँकि, जब युवतियों को अपनी शिक्षा जारी रखने का अवसर मिलता है, तो वे न केवल अपने जीवन की दिशा बदलती हैं, बल्कि अपने परिवारों के लिए नई संभावनाएँ भी पैदा करती हैं, आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती हैं और अपने समुदायों को सशक्त बनाती हैं।

स्वाति खुद को सौभाग्यशाली मानती है और उसका मानना है कि कंप्यूटर शिक्षा की बदौलत अब उसके सामने अनेक संभावनाएँ मौजूद हैं।

स्वाति कहती है, “कई साल पहले मेरे पास कंप्यूटर नहीं था और मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि मैं अपने जीवन में कंप्यूटर का इस्तेमाल कर पाऊँगी।”

उसके माता-पिता ने हमेशा उसकी शिक्षा को प्राथमिकता दी है और उसकी पढ़ाई जारी रह सके, इसके लिए कई त्याग किए हैं। पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण सरकारी छात्रवृत्ति मिलने पर उसने उस राशि का उपयोग एक निजी स्कूल की फीस भरने में मदद के लिए किया। इस स्कूल में उसके स्थानीय सरकारी स्कूल की तुलना में विज्ञान की बेहतर शिक्षा उपलब्ध थी।

अपनी माँ और दादी की तुलना में, स्वाति यह समझती है कि उसके पास पिछली पीढ़ियों के मुकाबले शिक्षा प्राप्त करने और करियर चुनने के अधिक अवसर हैं। फिर भी, वह इस बात की ओर ध्यान दिलाती है कि आज भी कई लड़कियाँ ऐसे ही अवसरों की प्रतीक्षा कर रही हैं।

 

स्वाति और उसका परिवार अपने गाँव के घर के सामने बाहर बैठे हैं।

आत्मविश्वास में वृद्धि

शिक्षा ने स्वाति के करियर संबंधी सपनों से कहीं अधिक बदलाव लाए हैं।

समय के साथ, स्वाति का खुद पर और सफल होने की अपनी क्षमता पर विश्वास बढ़ा है। उसने राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त कंप्यूटर पाठ्यक्रम पूरे किए, परीक्षाओं में शानदार 96.4 प्रतिशत अंक हासिल किए, अपने जिले में सातवाँ स्थान प्राप्त किया और अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए एक स्थानीय समाचार पत्र में भी स्थान पाया।

उसने जो व्यावहारिक कौशल सीखे हैं, उनसे उसे पहले ही एक स्थानीय कैफ़े में काम मिल चुका है, जहाँ वह अपने प्रशिक्षण के दौरान हासिल किए गए कंप्यूटर ज्ञान का उपयोग करती है।

जिसने कभी यह माना था कि ऐसे अवसर उसकी पहुँच से बाहर हैं, उसके लिए हर उपलब्धि ने उसके भीतर एक और भी महत्त्वपूर्ण विश्वास को मज़बूत किया है— अपनी क्षमताओं पर भरोसा।

अगली पीढ़ी को प्रेरित करना

स्वाति को उम्मीद है कि एक दिन वह अपने समुदाय के लिए भी कुछ कर पाएगी।

वह अपने परिवार के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का सपना देखती है, साथ ही उस गाँव से भी जुड़ी रहना चाहती है, जिसे वह अपना घर कहती है। वह छोटी उम्र की लड़कियों को अपनी पढ़ाई जारी रखने और खुद पर विश्वास रखने के लिए भी प्रोत्साहित करना चाहती है, भले ही उनकी राह कितनी ही कठिन क्यों न हो।स्वाति इस बात को समझती है कि सांस्कृतिक और आर्थिक चुनौतियों के कारण आदिवासी लड़कियों के लिए शिक्षा प्राप्त करना कितना कठिन है। वह अपने परिवार की आभारी है। वह बताती है कि उसके माता-पिता ने उसे पढ़ाई में कड़ी मेहनत करने और आत्मनिर्भर बनने के लिए हमेशा प्रोत्साहित किया है।

स्वाति चाहती है कि वह दूसरी लड़कियों को कड़ी मेहनत करने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने और यह समझने के लिए प्रेरित करे कि शिक्षा एक मानवाधिकार है। दूसरी लड़कियों के लिए उसकी सलाह सरल और स्पष्ट है:

“अपने लक्ष्यों को हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करें और खुद पर विश्वास बनाए रखें। मेहनत करने पर कुछ भी असंभव नहीं रहता।”

जन भोजन – ठोस प्रयास, वास्तविक लाभ।

स्वाति की कहानी इस बात का एक उदाहरण है कि शिक्षा तक पहुँच किस तरह कक्षा की चारदीवारी से कहीं आगे तक अवसरों के नए द्वार खोल सकती है।

जन भोजन के सहयोग से विद्यार्थियों को पौष्टिक भोजन मिलता है, जिससे उन्हें अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने में मदद मिलती है। साथ ही, वे व्यावहारिक कौशल सीखते हैं, आत्मविश्वास विकसित करते हैं और उन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए प्रोत्साहित होते हैं, जो कभी उन्हें अपनी पहुँच से बाहर लगते थे।

जन भोजन कार्यक्रम के माध्यम से घाना, भारत, दक्षिण अफ्रीका और नेपाल हज़ारों बच्चों और परिवारों तक सहायता पहुँची है। इस कार्यक्रम के तहत अब तक लगभग एक करोड़ भोजन परोसे जा चुके हैं। इस पहल ने भूख की बेड़ियों को तोड़ने और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा आत्मनिर्भरता के द्वार खोलने में मदद की है।

दुनिया भर के उन सभी उदार दानदाताओं का हार्दिक धन्यवाद, जिनके सहयोग से यह संभव हो पाया है।

जन भोजन की और भी प्रेरणादायक सफलता की कहानियों का आनंद लें:
मेलिना की कहानी
मौसमी की कहानी
यशवंत की कहानी

तात्कालिक लेख

श्रेणी के अनुसार लेख

गाइडस्टार और चैरिटी नेविगेटर पारदर्शिता, वित्तीय जवाबदेही और नेतृत्व के लिए टीपीआरएफ को अपनी सर्वोच्च रैंकिंग देते हैं।