द प्रेम रावत फाउंडेशन (टीपीआरएफ) ने हाल ही में प्रांतीय यूनिवर्सिटी ऑफ एज़ेइज़ा, ब्यूनस आयर्स, अर्जेंटिना में एक समझौता ज्ञापन (MoU) हस्ताक्षर समारोह के दौरान अपने सहयोग को औपचारिक रूप दिया। यह समझौता टीपीआरएफ के शांति शिक्षा कार्यक्रम के निरंतर कार्यान्वयन का समर्थन करता है, जिसका उद्देश्य विश्वविद्यालय के छात्रों को अपनी मानवता और अपनी आंतरिक क्षमताओं जैसे चयन, आशा और गरिमा पर विचार करने में मदद करता है।
प्रांतीय यूनिवर्सिटी ऑफ एज़ेइज़ा (यूपीई) एक सार्वजनिक, ट्यूशन-फ्री विश्वविद्यालय है, जो ब्यूनस आयर्स से लगभग 30 किलोमीटर दूर स्थित है। यूपीई अपने 10,000 छात्रों को सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट से लेकर पर्यटन और व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा जैसे शैक्षणिक और पेशेवर क्षेत्रों में प्रशिक्षण देता है। समझौते के हस्ताक्षर का उत्सव मनाते हुए अपने बयान में, यूपीई ने कहा कि इस समझौता ज्ञापन (MoU) का उद्देश्य अपने विश्वविद्यालय समुदाय के लिए शांति शिक्षा और कल्याण को बढ़ावा देने के लिए संयुक्त प्रयासों को मजबूत करना है।
31 मार्च 2026 को आयोजित इस समारोह में शांति शिक्षा कार्यक्रम की निदेशक विलो बेकर शामिल हुईं। उन्होंने उच्च शिक्षा में शांति शिक्षा कार्यक्रम के लाभों और छात्रों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए विश्वविद्यालय और फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर इस बैठक को एक जीवंत और प्रेरणादायक संवाद बताया। यूपीई के रेक्टर डैनियल गल्ली, वाइस रेक्टर प्रोफेसर मैकारेना फ़ोर्नेरिस, और एक्सटेंशन यूनिवर्सिटारिया की सचिव आयेलेन रोचा ने छात्रों के लिए इस तरह के कार्यक्रम की ज़रूरत को स्वीकार किया और फाउंडेशन तथा उसके स्वयंसेवी संचालकों के प्रति आभार व्यक्त किया। ब्यूनस आयर्स के एक रेस्टोरेंट मैनेजर और इस कोर्स के फैसिलिटेटर्स में से एक, पाब्लो ऑर्टिज़ ने बताया कि यह कोर्स आम लोगों के लिए भी खुला है और इसमें दूसरे प्रांतों से भी लोग आते हैं, जिससे यहाँ एक विविध तरह के लोग इकट्ठा होते हैं। उन्होंने विलो बेकर से कहा, “मेरा पूरा हफ़्ता अगली क्लास का बेसब्री से इंतज़ार करते हुए बीतता है।”
यूपीई के रेक्टर डेनियल गल्ली ने शांति शिक्षा कार्यक्रम के यूपीई के छात्रों पर अब तक पड़े सकारात्मक प्रभाव पर टिप्पणी करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम ने छात्रों की मदद की है—”आपसी एकजुटता, शांति और सौहार्दपूर्ण सह-अस्तित्व की भावना को बढ़ावा देकर; जिससे वे उन परिवेशों में, जहाँ वे भविष्य में पेशेवर के तौर पर अपनी सेवाएँ देंगे, व्यक्तिगत और पेशेवर चुनौतियों का सामना अधिक स्पष्टता और जागरूकता के साथ करने में सक्षम हो सकें।”

2022 से, शांति शिक्षा कार्यक्रम प्रांतीय यूनिवर्सिटी ऑफ एज़ेइज़ा (यूपीई ) में साल में दो बार वर्चुअल रूप से आयोजित किया जा रहा है, जिसमें शैक्षणिक क्रेडिट के विकल्प भी उपलब्ध हैं। अब तक 580 से अधिक छात्रों ने इन कार्यशालाओं में भाग लिया है और कई ने पहली बार व्यक्तिगत शांति की संभावना के बारे में सीखा है। द प्रेम रावत फाउंडेशन (टीपीआरएफ) और यूपीई द्वारा हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन इस साझेदारी को और मजबूत करता है। यह विश्वविद्यालय के स्टाफ के लिए सहयोगात्मक प्रशिक्षण के माध्यम से शांति शिक्षा कार्यक्रम के कार्यान्वयन को बढ़ावा देता है, कार्यशाला सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराता है, और कार्यशालाओं के विस्तार को समर्थन प्रदान करता है।

शांति शिक्षा कार्यक्रम द प्रेम रावत फाउंडेशन द्वारा संचालित एक नए तरह की वीडियो-आधारित कार्यशालाओं की श्रृंखला है, जिसका उद्देश्य लोगों, जिनमें कॉलेज और विश्वविद्यालय के छात्र भी शामिल हैं, को अपनी आंतरिक शक्तियों को पहचानने में मदद करना है। इस कार्यशाला के 10 प्रमुख विषय हैं: शांति, सराहना, आंतरिक शक्ति, अपने आपको जानना, स्पष्टता, समझ, गरिमा, चयन, आशा और तृप्ति। कार्यक्रम में भाग लेने वालों को इन सभी विषयों पर चिंतन करने और ऐसी गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलता है, जो इन विषयों पर गहरी समझ और व्यक्तिगत जागरूकता के विकास में सहायता करती हैं।
वर्कशॉप की यह शृंखला दुनिया भर के छात्रों के लिए एक बेहद कीमती संसाधन साबित हुई है; छात्रों ने पाया है कि यह कार्यक्रम उन्हें अपनी रोज़मर्रा की व्यस्त ज़िंदगी के बीच, कुछ पल रुककर सोचने-विचारने और खुद से तथा एक-दूसरे से फिर से जुड़ने का अवसर प्रदान करता है।
यह नई साझेदारी द प्रेम रावत फाउंडेशन (टीपीआरएफ) द्वारा हाल ही में दुनिया भर के विश्वविद्यालयों के साथ स्थापित कई सार्थक सहयोगों में से एक है, जिनमें भारत और कोलंबिया भी शामिल हैं। इसका उद्देश्य छात्रों और शैक्षणिक स्टाफ के लिए शांति शिक्षा कार्यक्रम की पहुँच को बढ़ाना है।






